पंजाब में मौसम का मिजाज बुधवार को बिगड़ गया। सुबह ही लुधियाना, बठिंडा समेत कई जिलों में तेज बरसात शुरू हो गई। मौसम विभाग ने आज के लिए 11 जिलों के संबंध में ओरेंज अलर्ट भी जारी किया हुआ है।
विभाग के अनुसार, इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। साथ ही तेज गरज व चमक के साथ बारिश व ओलावृष्टि होने की संभावना है। इन जिलों में पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, पटियाला व मालेरकोटला शामिल हैं।
वहीं विभाग ने गुरुवार से अगले तीन दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी कर दिया है। पंजाब के न्यूनतम तापमान में भी 0.3 डिग्री की कमी दर्ज की गई। हालांकि यह सामान्य से 2.2 डिग्री ऊपर बना हुआ है। सबसे कम 4 डिग्री का तापमान एसबीएस नगर का दर्ज किया गया। इसके अलावा अमृतसर का पारा 5.1 डिग्री, लुधियाना का 8.3 डिग्री, पटियाला का 9.2 डिग्री, पठानकोट का 6.8 डिग्री, बठिंडा का 8.0, फरीदकोट का 7.4 डिग्री, गुरदासपुर का 7.5 डिग्री, जालंधर का भी 7.5 डिग्री और बरनाला का 9.5 डिग्री दर्ज किया गया।