लुधियाना, 31 जनवरी| लुधियाना के शिमलापुरी इलाके में देर रात एक व्यक्ति ने अपने साढू पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान उसकी हाथों की नस काट दी गई। आरोपी धोखे से उसकी बाइक पर बैठा था। रास्ते में उसकी कलाई काट दी। दोनों में पैसों के लेन-देन का विवाद बताया जा रहा है। इसके बाद खून से लथपथ हालत में उसे सड़क पर फेंक कर फरार हो गए।
जानकारी देते हुए घायल परमिन्द्र सिंह के भाई योगेश धवन ने कहा कि उसका भाई प्रीत नगर शिमलापुरी इलाके का रहने वाला है। आज वह रात को बाजार से दवा खरीदने बाइक पर जा रहा था। रास्ते में उसका साढू उससे लिफ्ट मांगने लगा। उसे उसने कुछ दूरी पर छोड़ने के लिए कहा।
परमिन्द्र ने उसे बाइक पर बैठाया, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर उसने परमिन्द्र के हाथ पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। घायल परमिन्द्र का उसके साढू के साथ कुछ समय पहले पैसों का लेन-देन था। 1 लाख रुपए उसने लिए थे, जो वापस कर चुका है। अब उसका साढू करीब 30 हजार रुपए देने का दबाव बना रहा है।
इसी रंजिश में उसने आज रात परमिन्द्र पर हमला करवाया है। परमिन्द्र के हाथ की नसें कट गई है। योगेश ने कहा कि हमलावर बरोटा रोड का रहने वाला है। फिलहाल परमिन्द्र को CMC अस्पताल दाखिल करवाया जा रहा है। थाना पुलिस शिमलापुरी को भी वह सूचित करेंगे।



