अमृतसर। पंजाब में अभी बाढ़ से राहत नहीं मिली है। बाढ़ का असर सरहदी गांवों तक पहुंच गया है। लेकिन इसी बीच मौसम विभाग ने पंजाब के पांच जिलों में बारिश का अलर्ट दे दिया है। फिरोजपुर, मोगा, मानसा, बरनाला और संगरूर में अगले तीन घंटों में बारिश का अलर्ट है।
वहीं, हिमाचल में दोबारा से बारिश के आसार बन रहे हैं। अगर यह बारिश सामान्य रही तो सब काबू में रहेगा। लेकिन अगर बारिश एक बार फिर बे-काबू हुई तो हालात हिमाचल के साथ-साथ एक बार फिर पंजाब में भी खराब हो सकते हैं। CM भगवंत मान आज फिरोजपुर दौरे पर हैं। फिरोजपुर में तकरीबन 11 बजे वह पहुंचेंगे। गौरतलब है कि फिरोजपुर में बीते दो दिनों से दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं। पानी का स्तर अभी भी वहां बना हुआ है। फिरोजपुर के गांव धक्का बस्सी में 25 के करीब घर ढह चुके हैं।
गांव वाले आज सीएम भगवंत मान से उनकी दिक्कत का समाधान करने की मांग कर सकते हैं। गुरुवार को बाढ़ से अधिक नुकसान अब पश्चिमी मालवा में देखने को मिला। वहीं मौसम विभाग ने शुक्रवार पंजाब में भी बारिश के होने के आसार बताए हैं। जिसके अनुसार हिमाचल के साथ लगते जिलों में बारिश के आसार 50 प्रतिशत तो अन्य पूरे पंजाब में 30 से 50 प्रतिशत तक हैं। उधर पटियाला में पातड़-खनौरी पुल बह गया। जिस वजह से संगरूर रोड से दिल्ली की कनेक्टिविटी कट गई है। वहीं, दूसरी तरफ फिरोजपुर में सतलुज नदी पर बना हजारे वाला पुल बह गया है। जिसके चलते दो दर्जन के करीब गांव प्रभावित हुए हैं। फिरोजपुर में 60 के करीब गांव पानी में डूब चुके हैं।



