चंडीगढ़/ पंचकूला। गांव बुढ़नपुर में रात करीब 12 बजे तीन युवकों पर धारदार हथियारों से हमला किया गया। हमले में तीनों युवक जख्मी हो गए। तीनों का सेक्टर -6 स्थित अस्पताल में इलाज चल रहा है। तीनों की पहचान गांव बुढ़नपुर निवासी रवि, काशी और गौतम के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीनों युवक गुरुद्वारे के पास खड़े थे। अचानक से 18 से 20 हमलावरों ने यहां पर पहुंचकर उन पर हमला कर दिया। इसमें गौतम के बाजू में, काशी के जांघ में और रवि के सिर में चोट आई है।
एंबुलेंस से पहले पहुंचाया अस्पताल
तीनों के घायल अवस्था में होने पर लोगों ने डायल 112 पर मदद के लिए कॉल किया था। लेकिन एंबुलेंस काफी देरी से पहुंची थी। इस कारण घायल युवकों को ऑटो से ही अस्पताल पहुंचा दिया था। ताकि समय पर इलाज मिल सके। घटना की सूचना पाकर पंचकूला पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। उनके साथ में क्राइम ब्रांच की टीम भी मौजूद थी। अभी तक हमले के कारणों का नहीं पता चल पाया है। क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है।



