मंडी,18 सितम्बर। हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में एक शख्स ने चौकी प्रभारी पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने कुछ अन्य लोगों के साथ एसपी मंडी से मुलाकात की और चौकी प्रभारी पर मारपीट के आरोप लगाए और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
दरअसल, मंडी के गांधी चौक के पास सिटी पुलिस चौकी है। आरोप है कि चौकी के प्रभारी ने एक व्यक्ति के साथ गाड़ी पार्क करने को लेकर गाली-गलौज की और बाद में पुलिस चौकी में पीड़ित की धुनाई भी कर डाली। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें पुलिस अधिकारी जनता के साथ विनम्रता के साथ व्यवहार करता नजर नहीं आ रहा है। मामला अब एसपी मंडी के पास पहुंच चुका है और एसपी ने भी इस पर जल्द कार्यवाही करने की बात कही है।



