जयपुर। शिवदासपुरा थाना पुलिस ने चंदलाई रोड स्थित कुएं में चार दिन पहले मिली युवक की लाश के मामले का खुलासा किया है। युवक की हत्या कर उसकी लाश को कुएं में डालने के मामले में उसकी पत्नी समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवाई थी। पति आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी के बीच बाधक बनने लग गया था। इसलिए दोनों ने साजिश रचकर उसे अपने रास्ते से हटा दिया।
पुलिस ने बताया कि कुएं में जिस युवक का शव मिला था उसकी शिनाख्त राकेश मीणा के रूप में हुई थी। वह पत्नी फूला देवी और 2 साल के बच्चे के साथ बिलवा में किराए का कमरा लेकर रहता था. यहां फूला देवी का कृष्ण नाम के एक युवक से संपर्क हो गया था। फूला देवी अपने पति राकेश की गैर मौजूदगी में कृष्ण से मिलती थी। इसकी जानकारी राकेश को लगने पर उसने एतराज जताया। इस बात को लेकर दोनों में झगड़ा भी होता रहता था।



