मुंबई। तब्बू आज बॉलीवुड में किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। इस अदाकारा ने ‘भूल भुलैया 2’, ‘दृश्यम 2’ , ‘अंधाधुन’, ‘हैदर’, ‘चांदनी बार’ और ‘माचिस’ जैसी फिल्में कर इंडस्ट्री में एक अलग मुकाम हासिल किया है। तब्बू को फिल्मों में 3 दशक से ज्यादा समय हो चुका है। यूं तो तब्बू की प्रोफेशनल लाइफ के बारे में आप बहुत कुछ जानते ही होंगे, लेकिन इस एक्ट्रेस की पर्सनल लाइफ से जुड़ी बहुत सी ऐसी बातें हैं जिससे शायद आप वाकिफ नहीं होंगे, तो चलिए आज आपको इस अदाकारा की पर्सनल लाइफ से जुड़ी कुछ बेहद खास बातें बताते हैं-
तब्बू का असली नाम तबस्सुम फातिमा हाश्मी है, लेकिन फिल्मों की दुनिया में इस अदाकारा को तब्बू के नाम से ही जाना जाता है। तब्बू ने सिमी ग्रेवाल के फेमस टॉक शो में बताया था कि स्कूल के दिनों में वह अपना नाम तबस्सुम फातिमा लिखती थीं। फातिमा उनका सरनेम नहीं बल्कि मिडिल नेम था। इस अदाकारा ने कहा था कि उनके माता-पिता के तलाक के बाद वह हमेशा अपनी मां के साथ ही रहीं।
ये अदाकारा कहती हैं कि उन्होंने कभी अपने पिता को देखा भी नहीं है और वह देखना भी नहीं चाहती हैं। तब्बू ने बताया था कि उन्हें पिता का नाम इस्तेमाल करना ज़रूरी नहीं लगता है और वह हमेशा से ही अपनी मां के साथ खुश रही हैं। हालांकि, उनकी बड़ी बहन और अदाकारा फराह नाज कभी-कभी अपने पिता से मिलती थीं।
तब्बू ने 14 साल की उम्र से ही फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था। ये एक्ट्रेस पहली बार साल 1985 में रिलीज हुई फिल्म ‘हम नौजवान’ में नज़र आई थीं। इस फिल्म में तब्बू ने देव आनंद की बेटी का किरदार निभाया था। दिलचस्प बात तो ये है कि एक फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद तब्बू को फिल्में देखना पसंद नहीं था और न ही वो खुद कभी अभिनय की दुनिया में आना चाहती थीं, लेकिन इस अदाकारा की किस्मत को कुछ और ही मंजू़र था।
शायद बहुत ही कम लोग ये बात जानते होंगे कि तब्बू मशहूर एक्ट्रेस फराह नाज़ की बहन और बिंदु दारा सिंह की एक्स-साली होने के साथ-साथ एक्ट्रेस शबाना आज़मी से भी कनेक्टेड हैं। तब्बू शबाना आज़मी की भतीजी हैं। तब्बू की बहन फराह नाज़ भले ही फिल्मों से दूर हो चुकी हैं, पर शबाना आज़मी और तब्बू का जलवा आज भी कायम है।



