खन्ना, 25 दिसंबर | लुधियाणा के खन्ना से एक मनहूस खबर सामने आई है। यहां एक शख्स की मौत हो गई। जब पति शराब पीकर घर आया और पत्नी ने शराब पीने से रोका या डाटा तो गुस्साए पति ने फ्लाईओवर से छलांग लगा दी। मृतक की पहचान प्रवीण कुमार शर्मा (36 वर्ष) निवासी आजाद नगर खन्ना के रूप में हुई है। वह एक चित्रकार था। उनके परिवार में पत्नी और 2 मासूम बच्चे हैं।
जानकारी के मुताबिक, प्रवीण कुमार शराब पीने का आदी था, जिसके चलते घर में झगड़े होते थे। बीती रात प्रवीण शराब पीकर घर गया। पत्नी ने सिर्फ इतना कहा कि शराब मत पीना। इस बात से प्रवीण नाराज हो गया। घर में झगड़ा करने के बाद वह बाहर चला गया।
प्रवीण कुमार ने ललहेड़ी रोड के 40 फीट ऊंचे पुल से छलांग लगा दी। नीचे रेलवे लाइन है। प्रवीण का सिर रेलवे लाइन से टकरा गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रात में जब परिजन उसकी तलाश कर रहे थे तो पुल पर भीड़ देखकर पता चला कि प्रवीण की मौत हो गयी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सिटी की पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई महिंदर सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है।




