कटनी। देर रात लगभग 10:45 पर जब एक ट्रक नो एंट्री खुलने के बाद शहर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान चांडक चौक ढलान में अचानक ट्रक का स्टेरिंग फेल हो जाने के कारण ट्रक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक आगे जा रही कार को ठोकर मारते हुए बिजली के पोल से जा टकराया। घटना में कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बिजली का पोल टूट गया। हालांकि इस घटना में किसी को चोटें नहीं आई लेकिन घटना के बाद वहां पर भारी भीड़ एकत्र हो गई और भीड़ ने आवेश में आकर न केवल ट्रक चालक को बेरहमी से पीट दिया, बल्कि ट्रक में भी पथराव करते हुए तोड़फोड़ कर दी।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात तकरीबन 10:45 पर पन्ना तिराहे की ओर से ट्रक क्रमांक एमपी 17 एच एच 3061 परचून सामग्री से लोड घंटाघर की ओर जा रहा था। इसी दौरान चांडक चौक ढलान पर अचानक ट्रक का स्टेरिंग फेल हो गया और चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक सामने से जा रही कार क्रमांक एमपी 19 सीए 7480 को पीछे से टक्कर मारता हुआ सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा टकराया। हादसे में कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बिजली का खंभा टूटने के कारण लगभग आधे शहर की बत्ती गुल हो गई।
ढलान में हुए इस हादसे के बाद हजारों की संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए, जिनमें से कुछ उपद्रवी तत्वों ने ट्रक चालक को हादसे का जिम्मेदार बताते हुए उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी और कुछ ने तो ट्रक पर पथराव कर ट्रक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। शहर के बीचो-बीच हादसे की जानकारी लगते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर जा पहुंचे और उन्होंने किसी तरह भीड़ को नियंत्रित किया।
होनी चाहिए कार्यवाही
चांडक चौक ढलान में जिस तरह भीड़ ने कानून को हाथ में लेकर ट्रक चालक के साथ बर्बरता पूर्वक मारपीट और पथराव किया ऐसे लोगों के खिलाफ प्रशासन को सख्त रवैया अवश्य अपनाना चाहिए। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ यह तो जांच का विषय है और ऐसे में भीड़ का आक्रोशित होकर इस तरह तोड़फोड़ करना उचित नहीं कहा जा सकता। हालाकि इस घटना के कारण बिजली का पोल टूट जाने से नगर के कई क्षेत्रों की बिजली सप्लाई कई घंटों तक प्रभावित रही जिसे लेकर लोगों में खासा आक्रोश है।
हादसे की जानकारी लगने के बाद से ही यातायात अमला घटनास्थल पर पहुंच चुका था। किसी तरह लोगों के आक्रोश को शांत करते हुए देर रात दुर्घटनाग्रस्त हुई कार को सड़क किनारे कर दिया गया। सोमवार की सुबह एक बार फिर यातायात अमले ने घटनास्थल पर पहुंचकर क्रेन की मदद से हादसे का शिकार हुई कार और ट्रक को घटनास्थल से हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से प्रारंभ कराई। मौके पर विद्युत विभाग की टीम को भी बुलाया गया है जो कि क्षतिग्रस्त पोल के सुधार कार्य में जुटी हुई है।



