मोहाली। पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC), SAS नगर (मोहाली) ने बंबीहा गैंग के शूटर को हथियारों की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्कर से 30 बोर की पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं, जिसकी डिलीवरी करने के लिए आरोपी जा रहा था।
आरोपी की पहचान गांव वालियो, समराला लुधियाना निवासी सिमरनजीत सिंह उर्फ सिम्मी (25) के तौर पर हुई है। आरोपी के खिलाफ पंजाब और अन्य राज्यों में कई मामले दर्ज हैं। थाना समराला के अंतर्गत हुए एक कत्ल मामले में आरोपी वांछित चल रहा था।
जानकारी देते हुए AIG अश्वनी कपूर ने बताया कि आरोपियों की गतिविधियों के बारे में पुख़्ता सूचना के आधार पर SSOC मोहाली की टीमों ने एक विशेष ऑपरेशन चलाया। इस दौरान आरोपी सिमरनजीत सिम्मी को मोहाली में दारा स्टूडियो के पास से दबोचा गया। आरोपी पटियाला से मोहाली में अपने एक साथी को हथियारों की खेप देने पहुंचा था।
जसविंदर के इशारों पर कर रहा था काम
जांच से पता लगा है कि आरोपी सिमरनजीत सिम्मी बंबीहा गिरोह के सक्रिय सदस्य जसविन्दर सिंह उर्फ खट्टू के इशारों पर काम कर रहा था। जसविन्दर खट्टू वही आरोपी है, जो हाल ही में ज़मानत पर बाहर आया था और जाली पहचान और दस्तावेज़ों का प्रयोग करके पासपोर्ट बनवा कर भारत से विदेश भागने में सफल रहा।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ IPC की धाराओं 25, 25 (7), 25 (8) आर्म्स एक्ट और 120बी के अंतर्गत पुलिस स्टेशन SSOC मोहाली में मामला दर्ज किया है।



