चंडीगढ़। पंजाब के मोहाली जिले के खरड़ के घडुआं में जग्गू भगवानपुरिया गैंग के 2 युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की है। युवक की जान बाल-बाल बच गई। हमलावरों ने युवक पर 7 गोलियां चलाईं। पीड़ित की पहचान मनप्रीत सिंह धनोआ निवासी गांव घडुआं के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से आरोपियों की मोटर साइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। बताया जा रहा है कि पीड़ित का भाई अमेरिका में रहता है। वह वहां पर जग्गू भगवानपुरिया के एंटी ग्रुप के संपर्क में है। पीड़ित मनप्रीत सिंह को इसके बारे में पहले कई बार धमकियां भी मिली थीं। उसी के चलते फायरिंग की गई है।
मोटर साइकिल पर आए 2 युवक
सोमवार देर रात मोटर साइकिल पर 2 युवक आए थे। उन्होंने घर के बाहर आकर मनप्रीत के नाम की आवाज लगाई। मनप्रीत के घर वाले बाहर आए तो उन्होंने कहा कि मनप्रीत से मिलना है। जैसे ही मनप्रीत बाहर आया तो एक युवक ने अपनी पिस्तौल निकाल कर ताबड़तोड़ 7 गोलियां चला दीं। यह गोलियां मनप्रीत के घर के दरवाजे पर लगीं।
सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी
आरोपियों ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर छोटा होशियारपुरिया नाम से एक पोस्ट डाली है। उसमें लिखा है कि जो घडुआं में गोलियां चलाई गई हैं। वह हमने चलाई हैं। इसका कारण सनी धनोआ है, जो अमेरिका में एंटी पार्टी के साथ मिला हुआ है। इसके बारे में मनप्रीत को जानकारी दी थी, लेकिन उसने उसे नहीं रोका। इसलिए उस पर हमला हुआ।



