मास्को,28 मई। रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध में एक बार फिर हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। रूसी रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को दावा किया कि उसकी सेना ने पूर्वी यूक्रेन के डोनेत्स्क क्षेत्र के ‘स्टाराया निकोलायेवका’ गांव पर पूर्ण नियंत्रण हासिल कर लिया है। यह ऑपरेशन बीते 24 घंटों में अंजाम दिया गया और इसमें यूक्रेनी सेना को भारी नुकसान हुआ है। रूस के मुताबिक इस दौरान युद्ध के 1188वें दिन 1475 यूक्रेनी सैनिकों को मार गिराया गया।
स्टाराया निकोलायेवका पर कब्जे की पुष्टि
रूसी रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक बयान में कहा गया है कि यह गांव अब पूरी तरह से रूस के नियंत्रण में है और वहां की “जनता को यूक्रेनी कब्जे से मुक्त करा लिया गया है”। बयान में यह भी कहा गया है कि यह सफलता स्थानीय रूसी मूल के नागरिकों और रूस समर्थित मिलिशिया ग्रुप्स की मदद से मिली है जो काफी समय से इस इलाके में सक्रिय हैं।



