काठमंडू। नेपाल में बड़ा विमान हादसा हुआ है। रविवार सुबह 72 लोगों को लेकर जा रहा यति एयरलाइंस का विमान पोखरा एयरपोर्ट पर क्रैश हो गया है। जानकारी के मुताबिक, इस ATR-72 प्लेन में 68 यात्री और चार क्रू मेंबर सवार थे। क्रैश होने के तुरंत बाद विमान में आग लग गई। रेस्क्यू टीमें आग बुझाने और अंदर से लोगों को निकालने की कोशिश कर रही हैं। बचाव कार्य जारी है। फिलहाल एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। हादसे की जानकारी देते हुए येती एयरलाइंस के प्रवक्ता सुदर्शन बरतौला ने बताया कि पुराने हवाई अड्डे और पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बीच दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान में कुल 68 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट की गई तस्वीरों और वीडियो में दुर्घटनास्थल से धुएं का गुबार उठता दिख रहा है। हेलीकॉप्टर से दुर्घटनास्थल पर एक बचाव दल तैनात किया गया है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, खराब मौसम की वजह से विमान एक पहाड़ी से टकरा गया। क्रैश होते ही इसमें धमाके के साथ आग लग गई। आग की वजह से लोगों को निकालने के काम में परेशानी हो रही है। क्रैश की साइट एक नदी के पास बताई जा रही है।



