श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में एक सीआरपीएफ के हिंदू जवान की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मृतक जवान जिस गांव का रहने वाला है वह मुस्लिम बाहुल्य है। उसकी मौत पर गांव में मातम देखा गया।
मुस्लिमों ने शुक्रवार को सीआईएसएफ के इस जवान के अंतिम संस्कार में मदद करते हुए रस्में भी निभाईं। उसकी अर्थी को कंधा दिया। जिस जवान की हार्ट अटैक से मौत हुई है उसका भाई पिछले साल ही आतंकवादी हमले में शहीद हो गया था।
अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के 55 वर्षीय जवान बलबीर सिंह की बृहस्पतिवार शाम को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम के करकान इलाके में घर में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी।
उन्होंने बताया कि अमृतसर में तैनात बलबीर सिंह ने अपने भाई की पहली पुण्यतिथि में शामिल होने के लिए छुट्टी ली थी, जिनकी पिछले साल आतंकवादियों ने हत्या कर दी थी, पुण्यतिथि के पहले ही उसके निधन से पूरा परिवार शोक में डूब गया।
अधिकारियों के अनुसार बलबीर सिंह का परिवार गांव में रहने वाला इकलौता हिंदू राजपूत परिवार है, इसलिए उनके दोस्तों और स्थानीय मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अंतिम संस्कार में मदद की। अधिकारियों ने बताया कि मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जवान की अर्थी को कंधा भी दिया।
सिंह के भाई सतीश कुमार सिंह को पिछले साल 13 अप्रैल को आतंकवादियों ने गोली मार दी थी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई थी। जवान की मौत के बाद परिवार के साथ मुस्लिम बाहुल्य गांव में भी मातम देखा गया।



