गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज पुलिस ने बैंकों से पैसा निकालकर जाने वाले राहगीरों से रिश्तेदार बनकर लूटपाट करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। अपराधियों के पास से लूट में शामिल कार, मोबाइल और 10 हजार रुपए बरामद किए हैं।
बदमाशों की पहचान पूर्वी चंपारण के केसरिया थाना क्षेत्र के चांद परसा गांव के जितेंद्र प्रसाद और मुरारी महतो के रूप में की गई है। दोनों पर पहले से भी मामला दर्ज है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल दो बदमाश कुचायकोट एनएच के ओवरब्रिज के समीप पहुंचे हैं। पुलिस ने वहां पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया तथा लूट में प्रयुक्त समान भी बरामद कर लिया।
पुलिस ने बताया कि दोनों बदमाशों पर केसरिया थाने में भी एक-एक मामला दर्ज है। दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। दोनों से पूछताछ के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। वहीं, पुलिस अब घटना में शामिल दो अन्य बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।
उचकागांव थाना क्षेत्र के श्यामपुर बाजार के किसान शाहिद मियां बीती चार जुलाई को सेंट्रल बैंक के उचकागांव शाखा में 59 हजार रुपये नकद जमा करने आए थे। पैन कार्ड नहीं रहने से रुपए जमा नहीं हो सके। इसी दौरान बैंक परिसर में खड़े बदमाश ने उन्हें बहला-फुसलाकर अपना रिश्तेदार बताया और पैर छूकर प्रणाम किया। फिर बाहर खड़ी कार में घर तक पहुंचाने के लिए बैठा लिया।
कार में तीन बदमाश पहले से सवार थे। बदमाशों ने पहले पीड़ित को लाइन बाजार और फिर उचकागांव, जगरनाथा बाजार, श्यामपुर बाजार होते हुए कुचायकोट ओवरब्रिज के समीप ले गया। जहां मारपीट कर 59 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। फिर कार से धक्का देकर उतार दिया और फरार हो गए।



