जोधपुर। राजस्थान में मासूम लड़कियों के साथ हैवानियत की एक के बाद एक डरावनी वारदातें सामने आ रही हैं। जोधपुर की जयनारायण व्यास यूनिवर्सिटी में नाबालिग लड़की से गैंग रेप (Gang Rape) की वारदात के बाद अब स्कूल में मासूम बच्ची के साथ ही दरिंदगी की वारदात सामने आई है। जोधपुर की एक प्राइवेट स्कूल के गेटमैन ने सात साल की मासूम बच्ची को हैवानियत का शिकार बनाया है। वह छह माह से बच्ची के साथ रेप (Rape) की वारदात कर रहा था।
आरोपी के खौफ से डरी हुई बच्ची चुप रही। लेकिन उसके कपड़ों पर मिले खून के धब्बे देखकर उसकी मां को अनहोनी का शक हुआ तो उसने प्यार से उससे पूछताछ की। मां के दुलार के आगे बेटी फफक पड़ी और स्कूल के गेटमैन की करतूत बयां की। बेटी के साथ हुई हैवानियत की कहानी सुनकर मां के पैरों तले से जमीन खिसक गई। फिर वह बेटी को लेकर पुलिस थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को जालोर जिले के सांचौर से गिरफ्तार कर लिया।



