जालंधर। जालंधर के सिविल अस्पताल में एक कर्मचारी ने सुसाइड की कोशिश की है। उसे तुरंत साथी हालत गंभीर होने पर एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां पर उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी भी सिविल अस्पताल में पहुंच गए हैं। सुसाइड की कोशिश करने वाले करने वाले कर्मचारी की पहचान सरबजीत सिंह के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सरबजीत सिंह सिविल अस्पताल की फॉर्मेसी में तैनात था। इसी बीच सरबजीत के परिजनों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल प्रबंधन उसे नाहक तंग परेशान कर रहा था। वह काफी दिनों से तनाव में चल रहा था और उसी तनाव को लेकर उसने आत्महत्या करने की कोशिश की है। इस बीच यह भी पता चला है कि सरबजीत ने एक सुसाइड नोट भी लिखा है, जिसमें उसने कुछ डॉक्टरों पर आरोप लगाए हैं।
परिजनों ने भी सुसाइड नोट लिखे होने की पुष्टि की है, लेकिन सुसाइड नोट कहां है इसके बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी है। परिजनों ने कहा कि सरबजीत ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया है। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पहले सिविल में ही इलाज किया गया, लेकिन इसके बाद उसे गंभीर अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है।



