नई दिल्ली। अमेरिका से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट को तकनीकी खराबी की वजह से स्वीडन के स्टॉकहोम में बुधवार को इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में 300 यात्री सवार थे। सभी सुरक्षित हैं। DGCA के मुताबिक, एयर इंडिया के बोइंग 777-300ER फ्लाइट ने अमेरिका के नेवार्क से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। तभी विमान के इंजन-2 से ड्रेन मास्ट से फ्यूल लीक हुआ। इस वजह से एक इंजन को बंद करना पड़ा। जिसके बाद विमान को स्टॉकहोम एयरपोर्ट में सुरक्षित लैंड कराया गया।
एयर इंडिया की फ्लाइट लेट
दूसरी तरफ मंगलवार रात को दिल्ली-मुंबई एयर इंडिया की फ्लाइट में देरी की वजह से यात्रियों और एयरलाइन स्टाफ के बीच तीखी बहस हो गई। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट पांच घंटे से ज्यादा लेट हो गई थी।
पांच घंटे बाद टर्मिनल-3 से टेकऑफ हुई फ्लाइट
एक यात्री ने बताया कि एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-805 से उसे मुंबई जाना था। फ्लाइट के टेकऑफ का शेड्यूल रात 8:00 बजे था, लेकिन पहले उसे रात 10:40 बजे रिशेड्यूल किया गया। उसके बाद रात 11.35 बजे और फिर 12.30 बजे फिर से रिशेड्यूल किया गया। यात्रियों के मुताबिक, पांच घंटे बाद करीब 1:48 बजे फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 से टेकऑफ हुई।
एयर इंडिया के एक यात्री ने कहा कि सुपरवाइजर्स क्रू मेंबर्स फ्लाइट में देरी होने की कहानी बनाते रहे। वो सभी पैसेंजर्स को गुमराह कर रहे थे। यात्री के मुताबिक, एक स्टाफ की ओर से देरी के पीछे कारण बताया गया कि पायलट बीमार था जिसकी वजह से फ्लाइट डीले हुई। हालांकि, एयरस्टाफ के एक अधिकारी ने बताया कि तकनीकी वजह से फ्लाइट में देरी हुई।
मेडिकल इमरजेंसी के चलते न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट लंदन डायवर्ट
इससे पहले पिछले सोमवार को न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट को लंदन डायवर्ट किया गया था। अधिकारी के मुताबिक, फ्लाइट ने जॉन एफ केनेडी एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी, लेकिन एक पैसेंजर को मेडिकल इमरजेंसी हुई, जिसकी वजह से फ्लाइट को लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। विमान में 350 से अधिक पैसेंजर सवार थे। न्यूयॉर्क से दिल्ली की दूरी तय करने में एअर इंडिया विमान को लगभग 14 घंटे लगते हैं।



