नई दिल्ली, 19 नवंबर | दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक स्तर पर बना हुआ है। मंगलवार सुबह 7 बजे दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 500 से ऊपर दर्ज किया गया। दिल्ली में औसत AQI 494 दर्ज किया गया, जो इस सीज़न में सबसे अधिक है। इसका मतलब है कि राजधानी में आज सीजन की सबसे खराब हवा चली।
दिल्ली-एनसीआर में 10वीं कक्षा तक के स्कूलों को पहले ही ऑनलाइन कर दिया गया था। सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद सोमवार को 11वीं-12वीं की कक्षाएं ऑनलाइन आयोजित करने का आदेश दिया गया। इसके साथ ही डीयू और जेएनयू के कॉलेजों में 4 दिनों तक कक्षाएं वर्चुअल मोड पर चलेंगी।
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 18 नवंबर से दिल्ली-एनसीआर में संशोधित ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का चौथा चरण लागू कर दिया है। बच्चों, बुजुर्गों, सांस और हृदय रोगियों और पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोगों को भी घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में कृत्रिम बारिश की मांग
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर नकली बारिश की मांग की है। राय ने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव से कहा कि दिल्ली में प्रदूषण बेहद गंभीर श्रेणी में है और इससे निपटने के लिए नकली बारिश की जरूरत है। यह एक मेडिकल इमरजेंसी है।



