फरीदकोट, 19 नवंबर | ऐतिहासिक गुरुद्वारा टिल्ला बाबा फरीद के पास एक कपड़े की दुकान में सोमवार देर शाम अचानक आग लग गई। आग लगने से दुकान के अंदर रखे सारे कपड़े और दुकान का फर्नीचर पूरी तरह जलकर राख हो गया। सूचना के बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
बताया जाता है कि दुकान मालिक दीपू सिंगला कुछ देर पहले दुकान बंद कर घर चला गया। लोगों ने उसकी दुकान से धुआं निकलते देखा। सूचना के बाद जब दुकान का शटर खोला गया तो आग की लपटें निकल रही थीं और देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस प्रभारी वकील सिंह ने फायर ब्रिगेड को बुलाया और लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट हो सकता है।



