भिखीविंड। सीमावर्ती कस्बे भिखीविंड में खेमकरण मार्ग पर स्थित कॉलोनी के पास खाली प्लाट में नशे का इंजेक्शन लगा रहे एक युवक की इंजेक्शन लगाते समय मौत हो गई। इंजेक्शन लगाने के बाद उसे सिरिंज हाथ से छोड़ने का मौका भी नहीं मिला।
भिखीविंड थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक की पहचान लखबीर सिंह लक्खा पुत्र राज सिंह निवासी पहुविंड के रूप में हुई है।
मृतक के पिता राज सिंह ने बताया कि उनका बेटा सात-आठ साल से घर से बाहर रहता है। नशे की लत के कारण उन्होंने उसे घर से निकाल दिया। आज नशे के इंजेक्शन से उसकी मौत हो गई है।
थाना भिखीविंड के प्रमुख बलजिंदर सिंह औलख ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में ले लिया गया है और परिवार के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



