चंडीगढ, 31 जनवरी| अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग यानी सीटीयू अयोध्या धाम के लिए भी बस सेवा शुरू करने जा रही है। यह कदम उठाने का विचार चंडीगढ़ और उसके आसपास के लाखों लोगों की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। चंडीगढ़ प्रशासन का कहना है कि बसंत पंचमी से पहले यह बस सेवा शुरू कर दी जाएगी| यह बस सेक्टर 17 आईएसबीटी से अयोध्या धाम तक चलेगी|
बस रोजाना दोपहर 1:30 बजे सेक्टर 17 आईएसबीटी से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8:30 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी। इसके बाद बस शाम 4:30 बजे वहां से चलेगी और अगले दिन सुबह 11:05 बजे चंडीगढ़ सेक्टर 17 आईएसबीटी पहुंचेगी। बस में यात्री किराया 1706 रुपये होगा| यह यात्रा करीब 947 किमी की है जिसमें 19 घंटे लगेंगे|
वर्तमान में सीटीयू पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पड़ोसी राज्यों को अपनी सेवाएं प्रदान कर रहा है। कई धार्मिक स्थलों पर भी सीटीयू सेवाएं सफलतापूर्वक प्रदान की जा रही हैं। इनमें सालासर, खाटू श्याम, वृन्दावन, हरिद्वार, कटरा, ज्वालाजी और चामुंडा देवी आदि शामिल हैं।



