चंडीगढ़, 16 जनवरी | हरियाणा-पंजाब के शंभू बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसानों ने 21 जनवरी को दिल्ली की ओर कूच करने का ऐलान किया है। किसान नेता सरवन पंधेर ने कहा कि इसमें 101 किसान हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अभी बातचीत के लिए तैयार नहीं है, इसलिए हम आंदोलन तेज करेंगे।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह भी चेतावनी दी कि उनके प्रधानमंत्री रहने के दौरान देश में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीद की गारंटी के लिए एक कानून लाया जाएगा। किसानों की सभी मांगें देश हित में हैं और उन्हें लागू किया जाएगा।
इससे पहले भी किसानों ने दिसंबर महीने में तीन बार दिल्ली की ओर कूच करने की कोशिश की थी, लेकिन तीनों बार हरियाणा पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया था।
आपको बता दें कि एमएसपी गारंटी कानून को लेकर शंभू और खनोरी बॉर्डर पर किसान पिछले 11 महीने से आंदोलन कर रहे हैं। किसान नेता जगजीत डल्लेवाल 52 दिनों से खनोरी बॉर्डर पर अनशन कर रहे हैं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उनके समर्थन में 111 किसान लगातार दूसरे दिन भूख हड़ताल पर हैं।



