चंडीगढ़। पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ शिरोमणि अकाली दल ने मोर्चा खोल दिया है और सोमवार को विरोध प्रदर्शन की घोषणा कर दी है। उससे पहले आज शनिवार को अकाली दल का शिष्टमंडल गवर्नर पंजाब बनवारी लाल पुरोहित को ज्ञापन सौंपेगा। अकाली अध्यक्ष सुखबीर बादल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ ट्वीट करके उनसे सिख मामलों में दखल न देने की अपील की है।
सुखबीर बादल ने ट्वीट करके आरोप लगाते हुए कहा कि वह पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को चेतावनी देते हैं। वह सिखों के धार्मिक मामलों में हस्तक्षेप करना बंद करें। खालसा पंथ आपके इस व्यवहार को कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। पिछले दरवाजे से पवित्र सिख संस्थानों को हड़पने के आपके प्रयासों का जवाब देगा। आप उन सिख विरोधी अत्याचारियों और कठपुतलियों के रास्ते पर चल रहे हैं, जिन्होंने खालसा पंथ और उसकी पवित्र धार्मिक संस्थाओं का गला घोंटने की कोशिश की थी।
सुखबीर बादल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को सलाह देता हुए कहा कि आपके लिए अच्छा होगा, आप अपनी आरामदायक और विलासितापूर्ण जीवनशैली से समय निकालकर सिख इतिहास पढ़ें।



