रोपड़। पंजाब के रूपनगर (रोपड़) जिले में एक बाप ने अपनी 14 महीने की बेटी को मार दिया। उसने बेटी की गला घोंट और पीट-पीट कर हत्या की। घटना आज सुबह 8 बजे की है। पत्नी ने पूछा तो बोला कि सो रही है। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपी सिकंदर सिंह पुत्र सुच्चा सिंह की तलाश भी शुरू कर दी है।
मृतक बच्ची की मां सीमा रानी ने बताया कि सिकंदर ने उसे बेटी के सोने की बात कही, लेकिन जब वह 2 घंटे तक नहीं उठी और उसके शरीर में भी हलचल नहीं दिखी तो वह देखने लगी, लेकिन बेटी सांस नहीं ले रही थी। यह देखकर उसने शोर मचा दिया और सिकंदर ही उसे अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मियांपुर में रहने वाली लड़की की चाची सुरिंदर कौर के मुताबिक, सिकंदर बेटी के मृत घोषित होने के बाद मौके से फरार हो गया। सिकंदर पहले लड़की को पीटता था। सीमा रानी को पहले एक बच्चा था। उसके बाद 2 जुड़वा लड़कियां पैदा हुईं। सीमा के माता-पिता ने जुड़वा लड़कियों में से एक को दूसरे परिवार को गोद दे दिया था। यह दूसरी बेटी थी।
सिविल अस्पताल में तैनात इमरजेंसी डॉक्टर ने बताया कि बच्ची अस्पताल पहुंचने से पहले ही मर चुकी थी। उसके चेहरे पर चोट के निशान थे। बच्ची का नाम एकम है। उसे अस्पताल लेकर जब उसके पिता आए थे तो हमने घटना के बारे में पूछा, लेकिन वह कुछ भी स्पष्ट नहीं बता रहा था। बस यही कह रहा था कि बच्ची को गिरने से चोट लगी है।



