जालंधर। पंजाब में आज तहसीलों के बाद DC ऑफिस से लेकर SDM ऑफिस में भी हड़ताल रहेगी। आज DC दफ्तरों में कोई काम नहीं होगा। DC दफ्तरों के कर्मचारी भी हड़ताल पर चले गए हैं। रोपड़ के विधायक दिनेश चड्ढा का मामला कुछ ज्यादा ही गहराने लगा है। कर्मचारी अड़ गए हैं कि सरकार जब तक कोई एक्शन नहीं लेती और विधायक माफी नहीं मांगते, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
सोमवार को भी कर्मचारियों ने इकट्ठे होकर विधायक दिनेश चड्ढा के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था। सोमवार को सिर्फ रोपड़ डिवीजन में ही हड़ताल थी, लेकिन अब सारे पंजाब में मिनिस्ट्रियल स्टाफ यूनियन ने संघर्ष का बिगुल फूंक दिया है। मिनिस्ट्रियल स्टाफ यूनियन पंजाब के प्रधान तेजिंदर सिंह नंगल ने कहा कि 25 और 26 को सभी DC दफ्तरों से लेकर तहसीलों तक कलम छोड़ हड़ताल रहेगी।
26 को रोपड़ में सरकार के खिलाफ रैली
मिनिस्ट्रियल स्टाफ यूनियन पंजाब के प्रधान तेजिंदर सिंह नंगल ने कहा कि 26 जुलाई को सारे कर्मचारी रोपड़ में इकट्ठा होंगे। 26 जुलाई को सरकार और विधायक के खिलाफ रैली की जा रही है। सरकारी दफ्तरों में जाकर कर्मचारियों को जलील करने की किसी को इजाजत नहीं दी जाएगी। रोपड़ के विधायक ने जहां कर्माचारियों को जलील किया, वहीं पर सरकारी रिकॉर्ड अपने निजी दफ्तर में मंगवाकर गैर-कानूनी काम भी किया है।



