हैदराबाद। तेलंगाना के राजना जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, एक 11 साल के लड़के ने यूट्यूब वीडियो कॉपी करने के चक्कर में फांसी लगा ली और उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान छठी कक्षा के छात्र उदय के रूप में की गई है, जो येलारेडिपेट मंडल के किश्तनायक टांडा में अपने घर के एक कमरे में लटका हुआ पाया गया था।
बताया जा रहा है कि लड़के को यूट्यूब पर वीडियो देखने की आदत थी। रविवार की रात खाना खाने के बाद उदय मोबाइल पर यूट्यूब वीडियो देखते हुए अपने कमरे में चला गया और कमरा अंदर से बंद कर लिया। जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आया तो परिवार के लोगों ने दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया।
इसके बाद घबराए परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने देखा कि उनका बेटा उदय फंदे से लटका हुआ है। लड़के ने मारने के लिए कपड़े का टुकड़ा बांधा और फांसी लगा ली। परिजन तुरंत उदय को संभागीय मुख्यालय के एक निजी अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने उदय का फोन भी जब्त कर लिया है और लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को संदेह है कि बच्चे ने किसी अन्य समस्या के कारण आत्महत्या की होगी।



