लुधियाना/खन्ना, 8 नवंबर | खन्ना के आनंद नगर में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय मोंटू कुमार के रूप में की गई है। मोंटू मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला था और हरियाणा में काम करता था। दो दिन पहले वह छठ पूजा के लिए खन्ना में अपने रिश्तेदारों के यहां आए थे।
मोंटू के रिश्तेदार शंकर ने बताया कि 2 दिन पहले उनकी बेटी का जन्मदिन था, जिसके चलते उन्होंने हरियाणा से अपने सांडू और साली को छठ पूजा तक अपने पास रहने के लिए बुलाया था। आज सुबह जब मोंटू पूजा के लिए लाए गए गन्ने को लेकर क्वार्टर की छत पर जा रहा था तो गन्ना ऊपर से गुजर रहे 66 केवी बिजली के तारों से छू गया। करंट लगने से मोंटू की मौके पर ही मौत हो गई।
शंकर ने बताया कि मोंटू की शादी 8 माह पहले उसकी साली से हुई थी। इस हादसे ने परिवार से एक बेटा छीन लिया तो एक युवती की खुशियां भी छीन लीं। उधर, सिविल अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. नवदीप जस्सल ने बताया कि जब मोंटू को अस्पताल लाकर चेक किया गया तो उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया गया है।



