लुधियाना, 14 दिसंबर | लुधियाना के ऋषि नगर में जिम गए युवक की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि बेटे के शरीर पर कई जगह पिटाई के निशान थे और मुंह से झाग निकल रहा था। मृतक युवक की फरवरी माह में शादी होनी थी। मृतक की पहचान सुखचैन सिंह उर्फ शेरी के रूप में हुई है। सुखचैन अमेज़न में काम करते थे।
मृतक युवक की मां हरबंस कौर ने बताया कि उनका लड़का दो दिन पहले ऋषि नगर के एक जिम में कसरत करने लगा था। घटना वाले दिन उसने फोटो भेजकर जिम की फीस भी भरने को कहा था। कुछ देर बाद एक युवक उनके घर आया और बताया कि शेरी सीढ़ियों से गिर गया है। उन्हें डीएमसी अस्पताल ले जाया गया है।
माता हरबंस कौर ने बताया कि वह शहर से बाहर एक शादी समारोह में गई थीं। जब वह डीएमसी अस्पताल गए तो उनके बेटे की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि उनका बेटा पिछले 10 साल से व्यायाम कर रहा है। उन्हें इस जिम में गए हुए सिर्फ 3 दिन ही हुए थे। इलाके के लोगों ने उन्हें यह भी बताया कि इस जिम में जिम संचालक युवाओं को अधिक वजन उठाने के लिए पानी में कुछ मिलाकर देता है।
मृतक की मां ने कहा कि उन्हें शक है कि साजिश के तहत उनके बेटे की हत्या की गयी है। उन्होंने कहा कि वह पिछले 29 साल से अपने बेटे के साथ अकेले रह रही हैं। उसका पति उससे अलग रहता है।
हरबंस कौर ने बताया कि उसका पति उसे जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। कई बार उसके साथ मारपीट करने की कोशिश की। इस मामले में जांच अधिकारी एएसआई अश्वनी कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।



