Thursday, November 19, 2026
No menu items!
Google search engine

नदी भांति तुम बहना सीखो,जलना सीखो आग से- गरल मिटाना उर का सीखो,चंदन लिपटे नाग से

Spread the News

हिम्मत मन में बांध सखा रे,आशा से अभिसार हो।
उद्यम दीप जलाए रखना,हर सपना साकार हो।।

कर्मठता की डोरी थामे,मेघ निराशा छांट दो।
पीर अगर मन में तेरे हो,अपनों से तुम बांट दो।।
साथ चला यदि पथ में कोई,मन उसका आभार हो।
उद्यम दीप जलाए रखना,हर सपना साकार हो।।

टूटोगे बिखरोगे पथ में,गहन लगेगा घाव भी।
हिम्मत आशा से जीवन की,पार लगेगी नाव भी।।
खुद जल जग को रोशन करता,सूरज सा आधार हो।
उद्यम दीप जलाए रखना,हर सपना साकार हो।।

नदी भांति तुम बहना सीखो,जलना सीखो आग से।
गरल मिटाना उर का सीखो,चंदन लिपटे नाग से।।
करो भलाई ऐसे सबकी,आभारी संसार हो।
उद्यम दीप जलाए रखना,हर सपना साकार हो।।

बिना लोभ के मातु पिता सी,सबसे बांटो प्रीत ही।
बैर भाव मत मन में रखना,बनो सभी के मीत ही।
यह जीवन दो दिन का खेला,इसमें जीत न हार हो।
उद्यम दीप जलाए रखना,हर सपना साकार हो।।

मौलिक सृजन
ऋतु अग्रवाल
मेरठ

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments