पटना। आज से एक दशक पहले बिहार के युवकों की जब तक सरकारी नौकरी नहीं लगती थी, तब तक शादी के लिए न तो प्रेमिका की हां होती थी और न ही लड़की के घरवाले मानते थे। हालांकि, अब बिहार बदल रहा है। वो इसलिए क्योंकि अब युवतियां भी नौकरी की आस में कुंवारी बैठी है। जी हां। चूंकि वैलेंटाइन वीक शुरू हो गया है, तो युवक-युवतियां अपने-अपने प्यार का इजहार करते हैं। हालांकि, पिंकी अपने एकतरफा प्यार का इजहार नहीं कर पा रही है। बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को पत्र लिखकर उसने अपनी व्यथा सुनाई है।
पटना की पिंकी कंपटीशन की तैयारी कर रही है। पिछले चार साल से नौकरी की आस में है। तेजस्वी यादव को चिट्ठी लिखकर पिंकी ने बताया कि वह एक प्रभात नाम के युवक से प्रेम करती है, जो एक लेखक है। हालांकि, पिंकी उसे प्रपोज नहीं कर पा रही है, क्योंकि वह पहले नौकरी करना चाहती है। डर इस बात का है कि कहीं वह नौकरी के इंतजार में बैठी न रह जाए और प्रेमी किसी और के साथ शादी न कर ले।
सोशल मीडिया पर पिंकी का लेटर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वह लिखती है कि हम बहुत टेंशन में हैं। आप तो लव मैरेज कर लिए, लेकिन हमर मैरेज पर बेरोजगारी का अड़चन लगल है। हम चार साल से प्रभात बांधूल्य संग वन-साइडेड अफेयर में हैं। अफेयर के उम्र में करेंट अफेयर पढ़ रहे हैं। सोचे कि नौकरी लगेगा तो प्रपोज करेंगे, लेकिन नौकरी तो लगने से रहा।



