नई दिल्ली। मौसम विभाग ने दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र दिल्ली के प्रमुख चरण सिंह ने कहा कि अगले 2 दिनों तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ‘पंजाब, हरियाणा, यूपी और पूर्वी राजस्थान में भी अगले दो दिनों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के रीजनल हेड चरण सिंह ने कहा, ‘हमने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के लिए अलर्ट जारी किया है। पंजाब, हरियाणा, यूपी और पूर्वी राजस्थान के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हमने दिल्ली में अगले 24 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तर-पश्चिम भारत के विभिन्न क्षेत्रों में इस सप्ताह भारी बारिश हुई, जिससे जलभराव हो गया और कई क्षेत्रों में यातायात ठप हो गया। रविवार की सुबह ग्रामफू गांव और छोटा धर्रा में अचानक बाढ़ और भूस्खलन हुआ।
मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ों में कल भी बारिश की तीव्रता जारी रहेगी, हालांकि मैदानी इलाकों में तीव्रता कम होगी। वहीं दिल्ली-एनसीआर में अगले 24 घंटों में भारी बारिश होने की संभावना है। यहां अगले चार से पांच दिनों तक बारिश होती रहेगी, लेकिन इसकी तीव्रता कम रहेगी। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अगले 24 घंटों में अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।



