मोहाली। पंजाब के एक गांव में सरकारी स्कूल के स्टूडेंट्स की तरफ से निकाली जा रही तिरंगा रैली को रोकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इसका सोशल मीडिया पर विरोध भी शुरू कर दिया है और इस रैली को रोकने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग उठाई है।
वीडियो में बोल रहे व्यक्ति के अनुसार यह वीडियो SAS नगर (मोहाली) के गांव बेहलोलपुर की है। जिसमें सरकारी स्कूल की यूनिफॉर्म पहने हुए बच्चे गांव की गलियों में तिरंगा रैली निकाल रहे हैं। इसी बीच वीडियो बना रहे व्यक्ति ने अपनी कार रोकी और स्कूल टीचर को रैली निकालने के ऑर्डर दिखाने को बोला। इस दौरान अन्य टीचर ने कहा कि मनरेगा के तहत रैली निकाली जा रही है। लेकिन वीडियो बनाने वाला नहीं माना। इसके बाद वीडियो बनाने वाले ने स्टूडेंट्स से देश विरोधी बातें कहीं। उसने बच्चों को कहा कि तिरंगे मास्टर को पकड़ा दो और कोई कुछ कहेगा तो आप मेरे से संपर्क करो।
हालात संभालते हुए टीचर ने तिरंगे लिए वापस
हालातों को देखते हुए टीचर ने खुद ही बच्चों को तिरंगा वापस करने के लिए कहा। इसके बाद भी वीडियो बनाने वाला चुप नहीं रहा। उसने कहा कि बच्चे स्कूल में पढ़ने जाते हैं, उन्हें पढ़ाओ, खेलों में जाना है तो खेलों में जाओ। यह भक्ति वाला कोई काम नहीं है।



