Saturday, April 18, 2026
No menu items!
Google search engine

प्रेमी ने किया शादी से इन्कार तो लड़की ने लिया तंत्र-मंत्र का सहारा, रात के अंधेरे में मचा कोहराम

Spread the News

साहिबगंज/झारखंड। जिले के बोरियो थाना क्षेत्र के सोगले गाँव में ग्रामीणों ने मंगलवार की रात झाड़ फूंक करने वाले आधा दर्जन लोगों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई की। रातभर इन सबको बंधक बनाए रखा। सुबह पुलिस ने उन्हें मुक्त कराकर बोरियो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां सभी का इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।

सोगले गांव के 25 वर्षीय मोहन मुर्मू उर्फ तल्लू ने बताया कि मंगलवार की रात करीब 10 बजे वह अपने घर से निकल कर बाहर टहल रहा था। उसी वक्त गांव की ही बड़की मुर्मू उसे बुलाकर घर के पीछे ले गई। मोहन मुर्मू ने बताया कि घर के पीछे छह लोग तंत्र-मंत्र कर रहे थे। उसके पहुंचते ही सभी ने मिलकर उसे पकड़ लिया और बाल काट दिए और उंगली में रिंग पहना दी और पहनते ही वह बेहोश हो गया।

तल्लू के मुताबिक कुछ देर बाद थोड़ा होश आने पर उंगली से उसने रिंग निकाल कर फेंक दी। रिंग खुलते ही उसे अच्छा महसूस होने लगा। इसके बाद उसने ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। ग्रामीणों ने तंत्र-मंत्र करने वाले लोगों को पकड़ कर पीटा और मंझवैय के ग्राम प्रधान तल्लू मुर्मू को सौंप दिया।

तंत्र मंत्र का सामान बरामद किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए। आक्रोशित भीड़ को देखकर ग्राम प्रधान ने सभी को अपने घर में छिपा लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरंजन कच्छप के निर्देश पर पुलिस दल-बल के साथ सोगले गांव पहुंची और सभी को मुक्त कराकर अस्पताल में भर्ती कराया।

रागा बास्की ने बताया ने बड़की मुर्मू ने उन लोगों को तंत्र मंत्र करने के लिए बुलाया था। मामला प्रेम प्रसंग का है। वहीं ग्रामीणों के द्वारा बताया गया कि बड़की मुर्मू का प्रेम प्रसंग गांव के ही मोहन मुर्मू के साथ चल रहा था। लेकिन मोहन मुर्मू की शादी कहीं और तय हो गई और यह बात बड़की मुर्मू बर्दाश्त ना कर सकी। उसे पाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हो गई।

इस मामले पर थाना प्रभारी निरंजन कच्छप ने बताया कि मामले की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और आरोपियों को ग्रामिणों से मुक्त कराकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी के परिजनों को बुलाया गया और उन्हें सौंप दिया गया। पुलिस आगे की छानबीन कर रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments