अमृतसर , 20 अक्टूबर । पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने सूबे में चल रही मुहिम दौरान भारतीय रेलवे के बटाला ज़िला गुरदासपुर में सीनियर सैक्शन इंजीनियर (वर्कस) के रूप में वरुण देव प्रसाद को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
राज्य सतर्कता ब्यूरो के प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि उक्त रेलवे अधिकारी को मैसर्ज़ सोखी कॉन्ट्रैक्टर्स एंड इंजीनियर्स, प्रताप एवेन्यू, अमृतसर के मालिक निर्मल सिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो से संपर्क किया और बताया कि उसके पास बटाला- कादीयां रेलवे लाइन पर सिविल कार्य पूरा करने के लिए भारतीय रेलवे के साथ एक टेंडर है। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि उक्त रेलवे इंजीनियर उनकी फर्म द्वारा किए गए कार्यों के 4,60,000 रुपये के बिलों को मंजूरी देने के बदले में 50,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा था, लेकिन सौदा 15,000 रुपये में तय हुआ।
प्रवक्ता ने आगे बताया कि इस संबंध में प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया, जिसके परिणामस्वरूप उक्त रेलवे सेक्शन इंजीनियर को दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में उक्त रेलवे अधिकारी के खिलाफ पुलिस स्टेशन विजिलेंस ब्यूरो अमृतसर रेंज में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा और मामले की आगे की कार्यवाही जारी है।



