सोनीपत। हरियाणा में सोनीपत के नजदीक कुंडली-मानेसर एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने खाटू श्याम जा रहे श्रद्धालुओं से भरी बस को टक्कर मार दी। हादसे में करीब 35 श्रद्धालु घायल हो गए जिन्हें सोनीपत के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, मेरठ से श्रद्धालु बस में सवार होकर राजस्थान स्थित खाटू श्याम दर्शन के लिए जा रहे थे। सोनीपत के पास कुडंली मानेसर एक्सप्रेसवे पर बस के टायर में पंचर हो गया। बस के ड्राइवर और कंडक्टर हाईवे पर ही टायर बदलने लगे।
उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक आया और खड़ी बस को टक्कर मार दी। घटना के बाद हाईवे पर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुंरत घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और सोनीपत के सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। घटना को अंजाम देकर ट्रक का ड्राइवर फरार हो गया। फिलहाल सोनीपत पुलिस मामले की जांच कर रही है।



