अमृतसर। पंजाब के 17 जिलों में आज बारिश होने की संभावना है। माझा, मालवा और पूर्वी मालवा में आज बीच-बीच में बादल छाते रहेंगे और धूप निकलने के साथ ही उमस भी परेशान करती रहेगी। पूर्वी मालवा के 10 जिलों में आज बारिश का यलो व ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मानसा, संगरूर, बरनाला, पटियाला, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना, मोगा, जालंधर और शहीद भगत सिंह नगर में यह अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने बीते 7 दिनों का आंकड़ा जारी किया है। पंजाब में बीते सप्ताह सामान्य बारिश दर्ज की गई है, लेकिन 10 जिले ऐसे हैं, जहां सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई है। वहीं फरीदकोट, अमृतसर, मोहाली और तरनतारन ऐसे जिले हैं, जहां समान्य से बहुत अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश के कारण भाखड़ा बांध और पौंग बांध में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
अगले कुछ दिनों में भारी बारिश होने की आशंका के चलते भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) ने भाखड़ा बांध और पौंग डैम से 98 हजार क्यूसेक पानी छोड़ने का फैसला लिया है। दोनों बांधों से बीते दिन कुल 79989 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिसमें भाखड़ा बांध से 40387 क्यूसेक और पौंग बांध से 39602 क्यूसेक छोड़ा गया।



