पटना। पटना में एक ऑडिट ऑफिसर ने गले में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
मृतक की पहचान गुड़ की मंडी अरफाबाद कॉलोनी निवासी गौरी शंकर गुप्ता के 35 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार के रूप में की गई है। जो चंडीगढ़ स्थित महालेखाकार कार्यालय में ऑडिट ऑफिसर के पद पर तैनात थे।
घटना शहर के सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र के गुड़ की मंडी अरफाबाद कॉलोनी की है। कहा जा रहा है कि पत्नी की प्रताड़ना से उबकर आशीष ने ये कदम उठाया। बताया जाता है कि आशीष कुमार की शादी 2 वर्ष पूर्व फुलवारीशरीफ निवासी राजबाला के साथ संपन्न हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही दोनों के संबंध अच्छे नहीं थे।
आए दिन पति-पत्नी में झगड़ा होता रहता था। जिससे हताश और निराश होकर आशीष कुमार ने गले में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के संबंध में पूछे जाने पर मृतक के छोटे भाई आनंद कुमार ने बताया कि आशीष कुमार 6 दिन पूर्व ही चंडीगढ़ से अपने घर लौटे थे और वह काफी परेशान थे।
उन्होंने बताया कि उनके बड़े भाई अपनी पत्नी की प्रताड़ना से काफी आहत थे और वह उनसे तलाक भी लेना चाहते थे। आनंद कुमार ने बताया कि राजबाला तलाक देने के बजाय उन्हें तरह-तरह की धमकियां देती थी, जिससे उनके बड़े भाई काफी डिप्रेशन में थे।
पूरे मामले में आलमगंज थाना की दरोगा विद्या रानी ने प्रथम दृष्टया ऑडिट ऑफीसर द्वारा खुदकुशी किए जाने की पुष्टि करते हुए परिजनों के बयान पर विधि सम्मत कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिलाया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन में जुटी है।



