श्री संजय तिवारी
आयुध निर्माणी कटनी में मजदूर संघ के जेसीएम 4 सदस्य
कटनी । कटनी साऊथ के समीप आयुध निर्माणी समपार रेल्वे पर रेलदुर्घटना के कारण दर्द से छटपटाती युवती को समय पर प्रथमोचार उपलब्ध कराने वांछित साधन जुटाकर कर्मचारी नेता श्री संजय तिवारी ने मानवता की मिशाल प्रस्तुत की है। यहां उल्लेखनीय है कि,गत 19 जून को लगभग 30 वर्षीय एक युवती दो ट्रेनों की क्रासिंग के बीच फंसकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी थी। घटना आयुध निर्माणी स्थित डी. एस. सी. के सामने सुबह 9:55 बजे की है । दोनों ट्रेनों के गुजरने के बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर नाले के उस पार सड़क पर काफी लोग तो जमा हो गये और दुर्घटनाग्रस्त युवती अभी भी जीवित थी तथा हाथ के संकेत से लोगों को मदद के लिए बुला रही थी, किंतु कानूनी चक्करों में उलझने के डर से कोई भी उसके निकट नहीं जा रहा था।
तभी दुर्घटना की सूचना मिलते ही निर्माणी के कर्मचारी नेता संजय तिवारी ने तुरंत नाला पार कर के उस युवती के समीप जाकर देखा कि, युवती का एक पैर कट चुका है और वह गंभीर रूप से घायल है। और तो और वह अब भी ट्रैक पर ही पड़ी हुई है, यदि अगली ट्रेन आती तो निश्चित ही अनहोनी हो जाती। संजय तिवारी ने स्थिति को भांपकर तत्काल युवती को गोद में उठाया और एक सुरक्षित जगह पेड़ के नीचे लिटा दिया। उसके तुरंत बाद कर्मचारी नेता श्री संजय तिवारी ने रंगनाथ थाना तथा रेलवे को सूचित किया और पुलिस ने भी त्वरित कार्यवाही की।
इस तरह उस युवती को तत्काल एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय कटनी भेज गया जहाँ प्रथमोचारपरांत पीड़ित युवती को आगे की चिकित्सा के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया। ज्ञातव्य हो कि, युवती आयुध निर्माणी कटनी के एम एम अनुभाग में कार्यरत कर्मचारी निरंजन कुमार की धर्मपत्नी है तथा उनके दो छोटे बच्चे हैं। जबलपुर रिसर्च सेंटर पीड़ित युवती का ऑपरेशन किया जायेगा, फिलहाल कर्मचारी नेता संजय तिवारी की तत्परता से समय पर उपचार मिलने से युवती काल के गाल में समाने से बच गई। श्री तिवारी की सूझबूझ, तत्परता और अनुकरणीय पहल निर्माणी के सभी कर्मचारियों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की है।




