कुशीनगर। यूपी के कुशीनगर जनपद के अहिरौली बाज़ार थाने के सेंदुरिया विशुनपुर गांव में जेठानी से हुए मामूली विवाद के बाद एक मां हैवान बन गई। मां ने अपने चार साल के बेटे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। अपने कलेजे के टुकड़े की हत्या करने के बाद महिला ने गले और हाथ की नस काटकर ख़ुदकुशी करने का प्रयास किया। चीख पुकार सुनकर घर वाले कमरे में पहुंचे तो महिला फर्श पर बेहोशी की हालत में पड़ी थी और उसके बेटे का खून से सना हुआ शव पास में पड़ा हुआ था।
इसके बाद परिजनों ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। एक मां की करतूत पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। अहिरौली बाजार थाने के सेंदुरिया विशुनपुर गांव के रहने वाले अजीत यादव दिल्ली में रहकर मज़दूरी करता हैं। गांव में उनकी पत्नी आरती अपने चार साल के बेटे केशव के साथ रहती हैं। अजीत के बड़े भाई रामशीष भी बाहर रहकर काम करते हैं। रामाशीष की पत्नी रूबी घर पर खेतीबाड़ी देखती है।
गुरुवार को चाय बनाने की मामूली बात को लेकर आरती और उसकी जेठानी रूबी की आपस में कहासुनी हो गई। दोनों में विवाद इतना बढ़ गया की आरती ने ने कमरे का दरवाज़ा बंद कर गुस्से में पहले अपने बेटे को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया। फिर उसने अपनी गर्दन और हाथ की नस काटकर ख़ुदकुशी करने का प्रयास किया। चीख पुकार सुनकर पहुंचे घरवालों ने किसी तरह से दरवाजा खोलकर आरती और उसके बेटे को अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने 4 वर्षीय मासूम केशव को मृत घोषित कर दिया।
वारदात की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मसूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पहुंचे एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि पारिवारिक कलेश के कारण घटना हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरे घटनाक्रम की छानबीन की जा रही है।



