अकाली दल के प्रवक्ता दलजीत सिंह ने बहस का हिस्सा बनने से किया इनकार, तो वड़िंग ने भी रख दी शरत्
लुधियाना, 1 नवंबर । ‘मैं पंजाब बोलदा’ की महाबहस आज लुधियाना की पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में आयोजित की गई है। इस बहस में पंजाब के मुद्दों पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा आमंत्रित खुली बहस आज दोपहर 12 बजे शुरू होगी।बहस में कौन हिस्सा लेगा, इस पर अभी भी सस्पेंस बरकरार है।
जानकारी के मुताबिक, पीएयू में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और 2 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सभागार में 1200 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। अकाली दल के प्रवक्ता दलजीत सिंह ने बहस का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया है। उधर, कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने शर्तों पर बहस में आने की बात कही है। इसके अलावा सुनील जाखड़ और प्रताप सिंह बाजवा के आने पर भी सस्पेंस है।
शहर में करीब 30 जगहों पर नाकाबंदी की गई है। हर आने-जाने वाले की तलाशी ली जा रही है। पूरे पंजाब से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है। खुली बहस में 4 गेटों पर अधिकारी तैनात रहेंगे। मुख्य द्वार पर 2 गेट बनाए गए हैं जहां से लोगों को सभागार में प्रवेश दिया जाएगा, लेकिन आम आदमी पार्टी और सरकार ने अपने विधायकों और नेताओं से इस बहस में आने के बजाय अपने घरों या कार्यालयों में टीवी पर बहस देखने को कहा है।’आप’ सरकार का मकसद है कि बहस के दौरान हॉल में ज्यादा से ज्यादा लोग मौजूद रहें ताकि जनता को SYL मुद्दे की पूरी हकीकत पता चल सके।



