लुधियाना। मायापुरी में स्कूल से घर लौटी एक बच्ची को उसी के पिता ने साथियों के साथ मिलकर अगवा कर लिया। बच्ची की नानी और स्कूल वैन का कंडक्टर कार के पीछे भागा। कुछ दूरी पर जाकर ट्रैफिक लाइट होने से कार जाम में फंस गई तो लोगों की मदद से बच्ची को रिकवर कर लिया और दो आरोपियों को पकड़ लिया।
बच्ची के नाना बलविंदर सिंह ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 1.30 बजे जब उनकी दोहती अराध्या स्कूल से आई तो कंडक्टर ने उसे वैन से नीचे उतारा। जब वो बच्ची को उसकी नानी को देने लगा तो बीच में एक शख्स आया, उसने बच्ची को उठाया और दौड़ने लगा। बच्ची की नानी और कंडक्टर भी उसके पीछे दौड़ पड़ा।
आगे जाकर वो कार में बैठ गया और भाग निकला। करीब एक किलोमीटर के फासले पर चौक में ट्रैफिक की वजह से जाम लग गया। जिसमें आरोपियों की कार फंस गई। कंडक्टर ने बच्ची को छीनने की कोशिश की तो उक्त हमलावरों ने उस पर बेसबैट से हमला कर दिया। लेकिन उसने शोर मचाया और लोगों को इकट्ठा कर दो आरोपियों को दबोच लिया और बच्ची को बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस को बुलाकर उनके हवाले कर दिया। उधर, सुभाष नगर चौकी इंचार्ज गुरदयाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाकर बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
बेटी और दामाद का चल रहा केस… बलविंदर सिंह ने बताया कि किडनैप करने वाला बच्ची का पिता ही है। बच्ची के माता-पिता का कोर्ट में केस चल रहा है। उनकी बेटी की शादी 2019 में करनाल के आरोपी से हुई थी। वह अपने पति के साथ विदेश में रहती थी। वहां उसका पति उसे परेशान करने लगा।
काजल ने पति के खिलाफ 2021 में कोर्ट में केस कर दिया। उसकी बेटी आराध्या की परवरिश खुद करना चाहती है। लेकिन उसके पति ने बच्ची को किडनैप करने की कोशिश की। उनका आरोप है कि उनका दामाद बच्ची को विदेश लेकर जाने की प्लानिंग कर रहा था। उनके दामाद पर कई मामले दर्ज हैं।



