सउदी अरब में हुई थी कैद; 16 महीने जेल में काटे, माता-पिता की मौत हो चुकी
मलोट। सउदी अरब में 2 करोड़ की ब्लड मनी देकर कत्ल केस में सिर कलम की सजा से छूटा बलविंदर सिंह घर लौट आया है। बलविंदर मुक्तसर के गांव मल्लन का रहने वाला है। 16 महीने बाद उसकी पैतृक घर में वापसी हुई। इस दौरान बलविंदर के परिवार के सदस्यों और गांव के लोगों ने उसका स्वागत किया। इस मौके बलविंदर सिंह ने कहा कि उसे अपने घर पंजाब जिंदा लौटकर ऐसा लग रहा है, जैसे उसका दूसरा जन्म हुआ हो।
वह रोजगार की तलाश में सउदी अरब गया था, परंतु बिना किसी गुनाह या कसूर के जेल में डाल दिया गया। जहां उसे तरह-तरह की यातनाएं दी गई। कत्ल केस से रिहाई के बदले उसे धर्म बदलने का भी लालच दियास गया। मगर उसका भरोसा परमात्मा पर था। उसने शिकवा जाहिर किया कि जेल में रहते हुए भारतीय एंबेसी या सरकार ने उसकी कोई कानूनी सहायता नहीं की।
जिंदा लौटने की उम्मीद छोड़ दी थी
एक समय तो ऐसा आ गया था जब उसने जिंदा लौटने की उम्मीद छोड़ थी। उसने इच्छा जाहिर की थी कि उसका सिर कलम होने के बाद उसकी देह को इंडिया भेजकर उसके गांव में अंतिम संस्कार किया जाए। उसने बताया कि उसे दुख है कि बिना जुर्म की सजा काटते हुए उसके मां व पिता उसका इंतजार करते हुए इस दुनिया से चले गए। बलविंदर सिंह ने 2 करोड़ ब्लड मनी एकत्रित कर उसे रिहा करवाने के लिए देश-विदेश से सहायता करने वाले दानी सज्जनों का धन्यवाद किया।



