कोरबा/छतीसगढ़। कोरबा के दीपका थाना क्षेत्र में सास और बहू के बीच हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि बहू ने चाकू से हमला कर सास को गंभीर रुप से घायल कर दिया। घटना के बाद कार्रवाई के लिए परिजन पीड़ित महिला को लेकर थाना पहुंचे लेकिन पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। इसके बाद हंगामा होने लगा और महिला बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी।
कोरबा के दीपका थाना में कार्रवाई को लेकर पुलिस के हील हवाला रवैये से आक्रोशित परिजन थाने में ही हंगामा करने लगे। इस दौरान पीड़ित महिला जमीन पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। थाने के भीतर हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। इधर पुलिस दोनों पक्षों का आवेदन लेने के बाद जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि सास और बहू में जरा भी नहीं बनती और आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। एक बार फिर से दोनों के बीच विवाद हुआ। जिसका परिणाम चाकूबाजी की घटना के रूप में सामने आया। बहू के हमले से घायल सास का प्राथमिक रूप से उपचार कराया गया है।
बहू की इस हरकत के बाद सास के साथ पूरा परिवार सकते में है। मिली जानकारी के अनुसार किचन में काम करते समय विवाद के कारण यह घटना घटी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



