शहर के बीच में बनने वाली बिल्डिंग का नाम मुकाब होगा
नई दिल्ली। क्या ‘नया काबा’ बना रही है सऊदी अरब सरकार? हजारों लोग सोशल मीडिया पर यह सवाल पूछ रहे हैं। सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की लीडरशिप में सऊदी अरब नए प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है। तेल की निर्भरता को कम करने के लिए यह देश भविष्य में दुनिया के शक्तिशाली देशों के साथ कदमताल करने की कोशिश में जुटा है।
नए सऊदी अरब का सपना संजोए क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने राजधानी रियाद के सेंटर में न्यू मुरब्बा नाम के हाईटेक सिटी निर्माण करने का फैसला लिया है। यह सऊदी प्रिंस के ड्रीम प्रोजेक्ट विजन 2030 का हिस्सा है। हालांकि, खासकर मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों में इसकी संरचना को लेकर काफी नाराजगी है।
शहर के बीच में बनने वाली बिल्डिंग का नाम मुकाब होगा। सरकार ने इस प्रस्तावित शहर का एक वीडियो जारी किया है, जिसमें शहर के मुख्य आकर्षण मुकाब बिल्डिंग ही है। दरअसल, वीडियो में दिखाया गया है कि मुकाब बिल्डिंग की संरचना इस्लाम के सबसे पवित्र स्थल ‘काबा’ की संरचना जैसी है।
गौरतलब है कि काबा और मुकाब का अर्थ अरबी में एक ही है- घनाकार आकृति । इस बिल्डिंग की संरचना को देखकर कई लोगों का मानना है कि एमबीएस ने काबा के तर्ज पर ही इस बिल्डिंग के निर्मान करने की कोशिश की है।



