नवांशहर। पंजाब में नवांशहर-रोपड़ मेन रोड पर गांव काठगढ़ मोड़ के पास पेट्रोल पंप के सामने महिंद्रा थार और पुलिस बस के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई है। आज सुबह करीब साढ़े 7 बजे हादसा हुआ। थार गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बस एक डिवाइडर से टकरकर दूसरे डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह डैमेज हुए हैं। वहीं थार के ड्राइवर को सिर में चोटें लगी हैं।
घायल ड्राइवर पठानकोट का रहने वाला
मिली जानकारी के मुताबिक, बस नंबर PB02-CR-6097 अमृतसर से चंडीगढ़ हाईकोर्ट के मुलाजिमों को लेकर जा रही थी। महिंद्रा थार गाड़ी नंबर PB08-DF-1984 रोपड़ से आ रही थी। जब यह दोनों वाहन पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे तो आमने-सामने टक्कर हो गई। थार में 3 लोग सवार थे, जिसमें चालक अनहद पुत्र तेजविंदर सिंह निवासी पठानकोट को गंभीर चोटें आईं। 2 अन्य लोग प्रभ्तपाल सिंह पुत्र सिंदर सिंह निवासी चीमा, संगरूर और हरप्रीत सिंह पुत्र बलदेव सिंह निवासी उडत भगत राम, पुलिस स्टेशन मानसा, जिला मानसा को मामूली चोटें लगीं।
थार सवार राहत सामग्री लेकर जा रहे थे
गाड़ी में सवार सामाजिक कार्यकर्ता बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री मोहाली से गुरदासपुर लेकर जा रहे थे। वहीं बस में सवार करीब 35/40 कर्मचारी बाल-बाल बच गए, लेकिन बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस डिवाइडर से टकरा से टकराते हुए डिवाइडर पर जा चढ़ी। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर थाना काठगढ़ पुलिस के SI पूरन सिंह अपनी पुलिस पार्टी के साथ पहुंचे और दोनों वाहनों को साइड में करवाकर यातायात सुचारू रूप से चालू करवाया। हादसे का केस दर्ज करके आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।



