अमृतसर। UK के अस्पताल में इलाज के दौरान मारे गए खालिस्तानी आतंकी अवतार सिंह खांडा के संस्कार की तारीख को एक बार फिर बदल दिया गया है। UK में बसे सिखों ने तारीख व समय की घोषणा के लिए आतंकी खांडा की मां चरणजीत कौर को फैसला करने के लिए कहा था। पहले 5 अगस्त को संस्कार किया जाना था, लेकिन उसे एक बार फिर बदल दिया गया है।
खांडा का संस्कार ब्रिटेन के स्मेथविक में गुरु नानक गुरुद्वारा साहिब में किया जाना है। मां चरणजीत कौर ने सभी को 12 अगस्त के दिन वहां पहुंचने की प्रार्थना की है। इतना ही नहीं, संस्कार में सहयोग कर रहे सिखों का भी सहयोग करने के लिए कहा है।
गौरतलब है कि अवतार सिंह खांडा की मौत 15 जून को लंदन के एक अस्पताल में हो गई थी। वे ब्लड कैंसर से ग्रस्त था। तब से लेकर अभी तक उसका संस्कार नहीं किया गया। जिसके बाद बहन जसप्रीत कौर ने पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट का रुख किया और खांडा की देह को मानवता के आधार पर पंजाब के मोगा लाकर संस्कार करने की मांग रखी। इसके साथ ही मां चरणजीत कौर व बहन जसप्रीत कौर ने UK जाने के लिए वीजा एप्लीकेशन दाखिल कर दी। जिसे बाद में UK सरकार ने यह एप्लीकेशन रद करते हुए वीजा देने इनकार कर दिया।
पहले खांडा का संस्कार करने के लिए 5 अगस्त निर्धारित की गई थी, लेकिन दोनों तरफ से सफलता न मिलती देख अब परिवार ने तारीख को बदलते हुए संस्कार 12 अगस्त को करने की घोषणा की है। वहीं, परिवार दोबारा UK जाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन कोई पारिवारिक सदस्य इसकी पुष्टि नहीं कर रहा।



