लुधियाना, 5 नवंबर | लुधियाना में एक होजरी फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। हादसे में छत पर सो रहे 2 किरायेदार और मकान मालिक धुएं में घिर गए। उन्हें सीएमसी अस्पताल ले जाया गया जहां एक की मौत हो गई। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। आग लगने का कारण शॉर्ट-सर्किट माना जा रहा है।
हरबंसपुरा इलाके में फैक्ट्री से आग की लपटें निकलती देख इलाके के लोगों में भगदड़ मच गई। लोगों ने खुद भी पानी की बाल्टियां आदि लेकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग नहीं बुझी। आखिरकार लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं।
जानकारी के मुताबिक, जिस फैक्ट्री में आग लगी वह थाना डिवीजन नंबर 3 के पास प्राचीन गौशाला के सामने है। यह फैक्ट्री मोहनलाल धीरी के घर के ग्राउंड फ्लोर पर चल रही थी। आग से फैक्ट्री के अंदर होजरी का सामान और मशीनरी जलकर राख हो गई। धुएं के कारण छत पर सो रहे मकान मालिक समेत दो किरायेदारों की दम घुटने से हालत बिगड़ गई।
छत पर फंसे लोगों को अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों और गांव के निवासियों ने बचाया। हालत गंभीर देख उसे तुरंत सीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने एक किरायेदार को मृत घोषित कर दिया। मकान मालिक और अन्य किरायेदारों की हालत गंभीर बताई जा रही है।



