जालंधर, 23 मई। एक भयानक सड़क हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसा शाहकोट के गांव परजियां कलां मोड़ पर हुआ। टेंपो और पंजाब रोडवेज बस के बीच टक्कर हो गई। इस घटना में करीब 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे के समय पवन कुमार निवासी गोपाल नगर जिला गुरदासपुर पंजाब रोडवेज के बटाला डिपो की बस चला रहा था। सवारियों से भरा टेंपू परजियां कलां गांव से शाहकोट शहर जा रहा था। जब टेंपो और बस परजियां कलां मोड़ के पास स्थित पेट्रोल पंप से थोड़ा आगे पहुंचे तो सर्विस लेन पर दोनों वाहन टकरा गए।
घटना के समय टेंपू हांसी के गांव नारंगपुर निवासी चेत राम (60) चला रहा था। बस में कृष्णा देवी (34), लड़की अमन (11), बानो (65), कश्मीर सिंह (75), हरदीश कौर (65), लखविंदर कौर (55), अमरजीत कौर (65) और गांव परजियां कलां के कमलजीत सवार थे।
टेंपो चालक चेत राम और महिला कमलजीत कौर को निजी वाहनों में सरकारी अस्पताल नकोदर ले जाया गया, जहां कल देर शाम इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। घायलों को इलाज के लिए शाहकोट ले जाया गया और सभी को जालंधर रेफर कर दिया गया। मामले को एएसआई सरवन सिंह संभाल रहे हैं। दोनों शवों का आज पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।



