चंडीगढ़,20 मई। पंजाब की खडूर साहिब सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे कट्टरपंथी उपदेशक अमृतपाल सिंह को ‘माइक’ चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है। ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन का प्रमुख अमृतपाल राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद है। अमृतपाल राज्य में चुनाव लड़ रहे कुल 328 उम्मीदवारों में से उन 169 निर्दलीय उम्मीदवारों में शामिल हैं, जिन्हें चुनाव चिह्न आवंटित किए गए हैं।
फरीदकोट (सुरक्षित) निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे सरबजीत सिंह खालसा को ‘गन्ना किसान’ चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है। सरबजीत दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के हत्यारों में से एक बेअंत सिंह का बेटा है। इंदिरा गांधी के अंगरक्षकों- बेअंत सिंह और सतवंत सिंह ने 31 अक्टूबर 1984 को उनके सरकारी आवास पर उनकी हत्या कर दी थी।



